आदापुर में डंपर और बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन युवक घायल, एक की हालत गंभीर

आदापुर (पूर्वी चंपारण)। प्रखंड क्षेत्र के गम्हरिया कला स्थित श्यामपुर–नरकटिया मार्ग पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। गम्हरिया कला और बैकुंठवा गांव के बीच हनुमान मंदिर के पास एक तेज रफ्तार डंपर और स्प्लेंडर प्लस बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा […]
आदापुर में डंपर और बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन युवक घायल, एक की हालत गंभीर

आदापुर (पूर्वी चंपारण)। प्रखंड क्षेत्र के गम्हरिया कला स्थित श्यामपुर–नरकटिया मार्ग पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। गम्हरिया कला और बैकुंठवा गांव के बीच हनुमान मंदिर के पास एक तेज रफ्तार डंपर और स्प्लेंडर प्लस बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान बाइक सवार का मोबाइल भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर की तीव्रता के कारण बाइक के परखच्चे उड़ गए।

ग्रामीणों के अनुसार, बाइक पर तीन लोग सवार थे। घायलों में नरकटिया निवासी पिंटू कुमार (पिता–मनोज पटेल) शामिल हैं, जिनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। अन्य दो घायल उनके रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही दरपा थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। समाचार लिखे जाने तक चालक की पहचान और घायलों की आधिकारिक चिकित्सीय स्थिति की पुष्टि नहीं हो सकी थी।